कानपुर, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने मंगलवार को पालिका स्टेडियम में कानपुर मेट्रो का शिलान्यास किया। इस मौके पर अखिलेश ने कहा कि लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद की तरह कानपुर में भी मेट्रो का काम बहुत तेजी से होगा।
अखिलेश ने कहा कि विकास के लिए केंद्र का सहयोग चाहिए, जिससे प्रदेश तेजी से आगे बढ़ सके। अखिलेश बिजली को लेकर गंभीर दिखे। उन्होंने कहा, “अब कुछ लोग कहने लगे हैं कि कानपुर में जनरेटर और इनवर्टर की बिक्री कम हो गई है।” उन्होंने मेट्रो के लिए कानपुरवासियों को बधाई दी।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने शहर के लोगों को विश्वास दिलाया कि कानपुर और वाराणसी की मेट्रो परियोजनाओं को केंद्र सरकार बहुत जल्द मंजूरी देगी। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी मिलकर टीम इंडिया की तरह काम करें। यह विकास के लिए जरूरी है।”
नायडू ने कहा कि कानपुर स्मार्ट सिटी हो गया है, इसके लिए मेट्रो बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिना उप्र के आगे बढ़े, देश आगे नहीं बढ़ सकता है। वेंकैया ने सार्वजनिक परिवहन पर बल दिया, और कहा कि अब यह हर शहर की जरूरत है।
इस परियोजना के तहत आईआईटी से नौबस्ता और सीएसए से बर्रा के बीच दो मार्गो पर काम होना है। पहले चरण में आईआईटी से मोती झील तक मेट्रो का ट्रैक बिछाया जाएगा, जिस पर ढाई साल में सफर शुरू हो जाएगा। इसकी बुनियाद मंगवार को पलीटेकि्न क से पड़ने जा रही है।
फिलहाल कानपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का गठन होने तक लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा निर्माण कार्य कराया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath