लखनऊ में एयर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 169 यात्री सुरक्षित

लखनऊ , 19 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अमौसी हवाईअड्डे पर मंगलवार को एयर इंडिया के विमान एआई-873 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि प्लेन से पक्षी टकरा गया, जिस वजह से कॉकपिट के शीशे में दरार आ गई। इसके बाद दिल्ली से भुवनेश्वर जा रहे इस विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। हालांकि, विमान में सवार सभी 169 यात्री सुरक्षित हैं।

हवाईअड्डे के मैनेजर शकील अहमद खां ने बताया कि कॉकपिट का शीशा रिपेयर किया जा रहा है, लेकिन उसमें कम से कम पांच से छह घंटे का वक्त लगेगा। इसलिए, यात्रियों को दूसरी फ्लाइट के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

एयर इंडिया के सीएमडी रोहित नंदन ने मीडिया को बताया कि ऐसे वक्त में पैसेंजरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। इसलिए पायलट ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए लखनऊ एयरपोर्ट के नियंत्रण कक्ष से संपर्क साधा और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति ली।

उन्होंने बताया कि लखनऊ एयरपोर्ट के अधिकारियों ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग की सारी सुविधाएं एयरपोर्ट पर उपलब्ध कराईं।

नंदन के मुताबिक, प्लेन के साथ पक्षी के टकराने जैसी घटना होने की आशंका है। एयर इंडिया के सारे पायलट ऐसी परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493