‘लखवी की रिहाई से पाकिस्तान का पाखंड उजागर’

इस्लामाबाद, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई हमले के मुख्य आरोपी जकीउर रहमान लखवी की शुक्रवार को रिहाई के बाद पाकिस्तान के एक प्रमुख समाचार पत्र ने इस खूंखार आतंकवादी के अपराध को साबित करने में विफलता के लिए इस्लामाबाद की खिंचाई की है।

लाहौर उच्च न्यायालय द्वारा गुरुवार को लखवी को रिहा करने का आदेश देने के बाद शुक्रवार को अपने संपादकीय में समाचारपत्र ‘नेशन’ ने कहा, “लखवी पर मुकदमा चलाने में पाकिस्तान एक बार फिर विफल रहा है। केवल नाकाम ही नहीं, ऐसा लगता है कि इस बार उसने अपनी तरफ से पूरा प्रयास भी नहीं किया।”

अखबार ने कहा है, “एक तरफ जब देश आतंकवाद से लड़ रहा है, ऐसे में लखवी को दोषी करार देने से आतंकवाद के खिलाफ देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि होती।”

संपादकीय के मुताबिक, नवंबर 2008 में 166 भारतीय व विदेशी नागरिकों की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराए गए लखवी की रिहाई से पाकिस्तान के नेताओं द्वारा आतंक के खिलाफ दिए गए सारे भाषण खोखले साबित हुए हैं।

अखबार ने कहा है, “पाखंड इतना स्पष्ट है कि यह जनता की सोच को शर्मिदा करता है।”

लेख के मुताबिक, “कई साल तक सुनवाई इसलिए टलती रही, क्योंकि सुरक्षा संबंधी चिंता के मद्देनजर न न्यायाधीश और न ही गवाह और न ही आरोपी अदालत में उपस्थित हो पाए।”

नेशन ने जेल में लखवी के ठाठ-बाट की ओर इशारा किया। उसे टेलीविजन, इंटरनेट सहित कई सुविधाएं उपलब्ध थीं। वह बिना किसी की अनुमति के मनचाही संख्या में मुलाकातियों से मिल सकता था।

अखबार ने कहा है, “अगर 132 बच्चों की मौत से भी सरकार सही रास्ते पर नहीं आ सकती, तो यह कहना मुश्किल है कि आगे क्या होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493