लालू-नीतीश का गठबंधन ‘जंगलराज’ के लिए हुआ : अनंत कुमार

पटना, 20 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार चुनाव प्रभारी अनंत कुमार ने यहां सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच हुआ गठबंधन जंगलराज के लिए हुआ है जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुद्दा राज्य का विकास और सुशासन है।

पटना में राजग के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा “राजग एक साथ होकर इस चुनाव में उतरने वाला है। भाजपा और उसके सहयोगी दल बिहार में विकास को लेकर जनता के बीच जाएंगे। दूसरी तरफ लालू और नीतीश का गठबंधन इन मुद्दों पर चर्चा करने को तैयार नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “राजग का चुनावी मुद्दा सकारात्मक है जबकि राजद-जद (यू) का प्रचार निगेटिव है।”

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर, सुपौल, बेगूसराय और गया में ऐसे ही क्षेत्रीय कार्यालय खोले जाएंगे। सितंबर-अक्टूबर में होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में अलग से कार्यालय खोल दिया है, भले ही इन क्षेत्रों में सहयोगी दल के प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे।

कुमार ने कहा कि राजग पहले चरण में जहां परिवर्तन रथों के माध्यम से चुनाव प्रचार कर रही है वहीं दूसरे चरण में राज्य के 45 हजार से ज्यादा गांवों में कार्यकर्ता पहुंचेंगे और लोगों से राजग के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।

इसके पूर्व अनंत कुमार ने पटना के श्रीकृष्णपुरी में राजग के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष नंदकिशोर यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी़ पी़ ठाकुर, लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के नेता वृषिण पटेल सहित कई नेता उपस्थित रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493