छपरा, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां रविवार को कहा कि अब लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के दिन लद चुके हैं। अब बिहार के नौजवान और उनका संकल्प जग चुका है।
मोदी सारण के मढ़ौरा में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रैली में जुटी विशाल भीड़ से उत्साहित होकर कहा, “यह चुनावी सभा रैली और रैला नहीं, बल्कि परिवर्तन के संकल्प का मेला लग रही है। साफ दिख रहा है कि आठ नवंबर को जब चुनाव परिणाम आएगा तो बिहार की दीवाली कैसी होगी।”
उन्होंने कहा, “यह चुनाव बिहार ही नहीं, पूरे देश के लिए दो-दो दीवाली लेकर आएगा।”
मोदी ने लालू के खुद को ‘बड़ा तांत्रिक’ बताने पर तंज कसते हुए कहा, “लोकतांत्रिक नीतीश जी और देश के महान तांत्रिक लालू जी अपने 25 साल के शासनकाल का हिसाब नहीं दे रहे हैं। यह लोकतंत्र का अपमान है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता चुनावी सभाओं में जहां विकास की बात करते हैं, वहीं लालू और नीतीश की 80 फीसदी सभा में इसी बात पर चर्चा होती है कि मोदी ने यह किया, मोदी ने वह किया।
नीतीश के कांग्रेस के साथ आने पर मोदी ने कटाक्ष करते हुए कहा, “पड़ोस में बलिया के माननीय चंद्रशेखर ने कांग्रेस से नाता तोड़ दिया और जयप्रकाश (जे.पी.) की शरण में आ गए, लेकिन नीतीश की मौकापरस्ती देखिए वह जे.पी. को छोड़कर कांग्रेस की शरण में पहुंच गए हैं।”
महागठबंधन को ‘महास्वार्थबंधन’ बताते हुए उन्होंने कहा कि पहले इस महागठबंधन में तीन खिलाड़ी थे, लेकिन अब एक तांत्रिक भी आ गया है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या लोकतंत्र के साथ ऐसा खिलवाड़ हो सकता है?
मोदी ने लालू को नसीहत देते हुए कहा, “लालू जी आप काला कबूतर काटो, मिर्चा जलाओ, लेकिन साथ में आप अपने दल का नाम बदल कर ‘राष्ट्रीय जादू-टोना पार्टी’ कर लो। लोकतंत्र जादू-टोने से नहीं चलता है, यह जनता के आशीर्वाद से चलता है।”
मोदी को राज्य में रविवार को चार चुनावी रैलियों को संबोधित करना है।
dharmpath.com dharmpath