पटना, 18 अगस्त (आईएएनएस)। भाई-बहन के त्योहार रक्षाबंधन के मौके पर गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पटना स्थित अपने सरकारी आवास में पीपल के पेड़ में रक्षासूत्र बांधा और पूरे देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
पीपल के पेड़ में रक्षासूत्र बांधने के बाद लालू ने अपने खास अंदाज में कहा कि पीपल के पेड़ में कृष्ण भगवान का वास होता है, इसलिए पीपल के पेड़ में उन्होंने राखी बांधी।
इस मौके पर भी लालू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने से नहीं चूके। उन्होंने कहा, “मैं तो पीपल के पेड़ में राखी बांध रहा हूं, लेकिन मोदी को बबूल के पेड़ में राखी बांधनी चाहिए।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, “रक्षाबंधन का पर्व महिलाओं के प्रति आदर और सम्मान का पर्व है। इस मौके पर हम सब को महिलाओं पर अत्याचार न हो, इसका संकल्प लेना चाहिए। समाज में महिलाओं को उचित सम्मान मिले, इसके लिए प्रयास करना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि जब तक महिलाएं आगे नहीं बढ़ेंगी, तब तक हमारा समाज और परिवार आगे नहीं बढ़ सकता।
dharmpath.com dharmpath