पटना, 31 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान पार्षद (एमएलसी) लालबाबू प्रसाद द्वारा कथित तौर पर एक महिला एमएलसी के साथ दुर्व्यवहार और बदतमीजी किए जाने की घटना के बाद सत्ताधारी महागठबंधन के नेता भाजपा पर लगातार निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शुक्रवार को भाजपा नेताओं को ‘मवाली’ तक कह दिया।
लालू ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “भाजपाई इतने मव्वाली हैं कि सदन में भी महिला जनप्रतिनिधियों को छेड़ने से परहेज नहीं करते। कल्पना करो, बाहर क्या गुल खिलाते होंगे? बेशर्म।”
एक अन्य ट्वीट में लालू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा, “भाजपा ने बेशर्मी की सारी हदें तोड़ दीं।”
उल्लेखनीय है कि बिहार विधान परिषद में बुधवार की शाम लालबाबू ने लोजपा की एक महिला एमएलसी से कथित तौर दुर्व्यवहार और अभद्रता की थी, जिसके बाद विधायक नीरज कुमार और लालबाबू के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इसके बाद शुक्रवार को भाजपा ने हालांकि लालबाबू को पार्टी से निलंबित कर दिया।
राज्य के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी गुरुवार को ट्वीट कर आरोप लगाया था कि भाजपा ने महिला एमएलसी को बेशर्मी से छेड़ने वाले भाजपा उपाध्यक्ष और एमएलसी लालबाबू को संरक्षण दे रखा है, इसलिए बर्खास्त नहीं किया।
dharmpath.com dharmpath