बार्सिलोना, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। स्पेन के फुटबाल क्लब बार्सिलोना के स्ट्राइकर लुइस सुआरेज ने कहा कि उनकी टीम इस सत्र में ला लीगा खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है। क्लब अभी तक लीग में शीर्ष पर बना हुआ है।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ के अनुसार, बुधवार को डिपोर्टिवो ला कोरुना के खिलाफ हुए मुकाबले में बार्सिलोना ने शून्य के मुकाबले आठ गोल से जीत हासिल की थी। इस मैच में सुआरेज ने चार गोल दागे थे।
इस जीत से खुश सुआरेज ने गुरुवार को ला लीग में बाकी बचे मुकाबलों में जीत हासिल करने को लेकर पूर्ण आत्मविश्वास जताया।
उरुग्वे के खिलाड़ी सुआरेज ने कहा, “हम शीर्ष पर हैं। हमें पूरा विश्वाल है कि हम जीत सकते हैं और जीतना चाहते हैं। लीग खिताब जीतने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं है।”
हाल के मुकाबलों में हार का सामना करते आ रहे बार्सिलोना को बुधवार को हुए मुकाबले में जीत हासिल हुई।
लीग सूची में क्लब 79 अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि रियल मेड्रिड दूसरे स्थान पर है।
dharmpath.com dharmpath