उदयपुर, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। वंडर सीमेंट साथ-7 क्रिकेट महोत्सव के द्वितीय संस्करण का समापन उदयपुर के दिल्ली पब्लिक स्कूल मैदान पर संपन्न हुआ और इसमें पुरुष वर्ग में जयपुर के श्री श्याम क्रिकेट क्लब ने तथा महिला वर्ग में पेस मेकर उदयपुर टीम ने खिताबी जीत हासिल की।
श्री श्याम क्रिकेट क्लब ने पीसीए इलेवन अहमदाबाद को 23 रन से हराकर चैम्पियनशिप जीती, वहीं महिला वर्ग में पेस मेकर उदयपुर ने एसएस जैन सुबोध गर्ल्स पीजी कॉलेज को 5 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
इस प्रतियोगिता को लेकर राजस्थान, गुजरात एवं मध्यप्रदेश रके लोगों में बड़ी उत्सुकता देखी गई और कुल 48,000 से ज्यादा लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।
इसमें महिला प्रतिभागियों ने भी काफी उत्साह से भाग लिया। साथ-7 क्रिकेट महोत्सव के द्वितीय संस्करण में 60 से अधिक महिला टीमों का पंजीकरण हुआ और 1000 से भी ज्यादा महिलाओं ने इसमें हिस्सा लिया। इस पूरे महोत्सव में लगभग 5000 के करीब मैच हुए।
इस अवसर पर भारतीय क्रिकट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव, कैबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी, सांसद अर्जुनलाल मीणा, नगर निगम महापौर चन्द्रसिंह कोठारी, वंडर सीमेंट के उपाध्यक्ष विमल पाटनी, वंडर सीमेंट के प्रबंध निदेशक विवेक पाटनी, संयुक्त निदेशक विकास पाटनी, एचआरएच ग्रुप के लक्ष्यराज सिंह मेवाड, पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद गोयल ने हजारों दर्शकों के साथ फाइनल मैच देखा तथा खेल का आनन्द उठाया।
इस पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने में वंडर सीमेंट के प्रबंधक सलाहकार तरुण सिंह चौहान का विशेष योगदान रहा। साथ-7 महोत्सव में तहसील, जिला एवं जोनल स्तर पर मुकाबला करने के बाद हर जोन की विजेता टीमें प्रतियोगिता के फाइनल स्तर पर पहुंची। कई नॉक-आउट मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग में श्री श्याम क्रिकेट क्लब, जयपुर और पीसीए इलेवन अहमदाबाद तथा महिला वर्ग में पेस मेकर उदयपुर एवं एसएस जैन सुबोध गर्ल्स पीजी कॉलेज टीमों ने फाइनल राउंड तक का सफर तय किया।
टूर्नामेंट की सराहना करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल ने सर्वश्रेष्ठ खिलाडी श्री श्याम क्रिकेट क्लब जयपुर के सुशील मीणा को स्वयं की तरफ से एक लाख रुपए एवं वंडर सीमेंट की ओर से 35,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
अतिथियों ने पुरुष वर्ग में विजेता टीम को चैंपियन ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र के साथ 3,50,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। उपविजेता टीमों को क्रमश: 1,00,000 तथा 70,000 रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।
महिला चैंपियन टीम को विजेता ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र के साथ 1,40,000 रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया और उपविजेता टीम को 70,000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। प्रत्येक प्रतिभागी को स्पोर्ट्स किट भी प्रदान किया गया। इस तरह कुल 40 लाख रुपए के इनाम दिए गए।
dharmpath.com dharmpath