चेन्नई/नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर से उड़ान भरते समय शुक्रवार को भारतीय वायुसेना का परिवहन विमान एएन-32 लापता हो गया। इसकी तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। विमान में 29 लोग सवार थे।
रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि विमान की खोज के लिए बचाव और खोज अभियान शुरू कर दिया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस विमान ने चेन्नई के ताम्ब्रम वायुसेना हवाईअड्डे से शुक्रवार सुबह 8.30 बजे उड़ान भरी थी और इसे 11.30 बजे पोर्ट ब्लेयर पहुंचना था।
रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, “विमान ने शुक्रवार सुबह 8.30 बजे उड़ान भरी थी और 11.30 बजे उसे पोर्ट ब्लेयर पहुंचना था, लेकिन वह पहुंचा नहीं। खोज अभियान जारी है।”
सूत्रों के अनुसार, नौ बजे के बाद रडार पर विमान की उपस्थिति दिखाई देनी बंद हो गई।
तटरक्षक के विमानों और जहाजों द्वारा पूर्ण रूप से एक खोज और राहत अभियान चलाया गया है।
भारतीय नौसेना के प्रवक्ता डी.के. शर्मा ने कहा कि इस खोज तथा राहत अभियान में पी-8 निगरानी विमान, एक डोर्नियर और चार जहाज जुटे हुए हैं और अन्य सहायता भी दी जा रही है।
भारतीय नौसेना ने कहा कि इस अभियान में तैनात जहाजों में शिवालिक का युद्धपोत आईएनएस सहयाद्रि, मिसाइल विध्वंसक आईएनएस राजपूत और रणविजय, वाहक कामरोता, किर्च, कार्मुक, कोरा, कुथार, टैंकर जहाज आईएनएस शक्ति और आईएनएस ज्योति, द्विधा गतिवाला युद्ध पोत आईएनएस घड़ियाल तथा गश्ती पोत आईएनएस सुकन्या शामिल है।
भारतीय वायुसेना के पास वर्तमान में 100 एएन-32 विमान हैं।
रूस में निर्मित एएन-32 गर्मी और कठिन स्थितियों में अपनी बेहतरीन उड़ान भरने की क्षमता और सैन्य परिवहन के रूप में उपयोग होने वाले विमान के रूप में जाना जाता है।
दो इंजन वाले इस विमान का इस्तेमाल मुख्य रूप से माल परिवहन, स्काइड्राइवर, पैराट्रूपरों सहित यात्रियों को लाने ले जाने और युद्ध में भी किया जाता है।
dharmpath.com dharmpath