नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा ने सोमवार को भारतीय वायुसेना के विमान एएन-32 के लापता हो जाने पर चिंता जताई। यह विमान उड़ान भरने के बाद शुक्रवार से ही गायब है और इस पर 29 लोग सवार हैं।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने सदन को बताया, “सारा देश और पूरा सदन भारतीय वायुसेना के विमान के लापता होने को लेकर चिंतित है। गहन तलाशी एवं बचाव अभियान जारी है।”
इससे पहले शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस के सदन के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर से लापता विमान की स्थिति रपट बताने की मांग की। पर्रिकर तब सदन में मौजूद नहीं थे।
खड़गे ने कहा, “यह बहुत गंभीर मामला है और सरकार से इस पर जवाब की उम्मीद करता हूं।”
खड़गे ने आगे कहा, “विमान पिछले चार दिनों से लापता है और उसका कोई सुराग नहीं मिला है। जो लोग उस विमान पर सवार हैं, उनके परिजन चिंतित हैं। सदन निश्चित रूप से जानना चाहता है कि क्या गलत हुआ और सरकार ने कौन-से कदम उठाए हैं?”
‘ऑपरेशन तलाश’ नाम से गहन तलाशी एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद सोमवार तक उस विमान का पता नहीं चला है।
dharmpath.com dharmpath