वाराणसी में खराब खाने को लेकर कैदियों ने किया हंगामा

वाराणसी, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिला जेल में शनिवार की सुबह खराब खाना मिलने से क्षुब्ध बंदियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने रक्षकों के असलहे छीन लिए और जेल अधीक्षक आशीष तिवारी और डिप्टी जेलर अजय राय को बंधक बना लिया। बाद में किसी तरह इन दोनों अधिकारियों को मुक्त कराया गया।

सूचना मिलने पर जिलाधिकारी राजमणि यादव कई थानों की फोर्स के साथ जेल पहुंचे। मामला संभलता न देख केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) भी बुलाई गई। इस दौरान बंदियों ने पेड़ पर चढ़कर भागने की कोशिश भी की, हालांकि वे सफल नहीं हुए। दोपहर तक जेल में बवाल चलता रहा और गोलियों की आवाज बाहर तक सुनाई देती रही।

पुलिस के मुताबिक, सुबह परेड के लिए बंदियों को बैरकों से बाहर निकाला जा रहा था। जेल अधीक्षक समेत अन्य अफसर भी परिसर में मौजूद थे। मेस में खाने की कतार लगाए बंदियों ने खाने की गुणवत्ता को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

कुछ बंदीरक्षकों ने डांटकर समझाने की कोशिश की तो मामला बिगड़ गया। बंदियों ने बंदीरक्षकों पर हमला कर दिया और असहले भी छीन लिए। बंदियों ने पहले हंगामा किया और फिर बैरकों की छत और पेड़ पर चढ़ गए।

माना जा रहा है कि कैदी पेड़ पर चढ़कर भागने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान कई राउंड हवाई फायरिंग की गई और अफसर हालात को काबू करने में लगे रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493