वाराणसी, 7 मई (आईएएनएस)। वाराणसी शहर के लिए अच्छे दिन जल्द आने वाले हैं। फ्रांस की कंपनी और स्वच्छता क्षेत्र का गैर सरकारी संगठन ‘सुलभ इंटरनेशनल’ एक साथ मिलकर यहां ऐतिहासिक अस्सी घाट पर पीने के पानी का संयंत्र स्थापित करेंगे।
संयंत्र की स्थापना के बाद यहां से लोग 50 पैसे प्रति लीटर की दर से पीने का पानी खरीदने में सक्षम होंगे।
इसके बारे में सुलभ के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक ने आईएएनएस को बताया, “एक नई प्रौद्योगिकी के जरिए काफी कम कीमत पर गंगा के दूषित पानी को पीने योग्य पानी में परिवर्तित किया जाएगा।”
इस प्रस्तावित संयंत्र से प्रतिदिन लगभग 8,000 लीटर स्वच्छ पानी का उत्पादन होगा।
इस संयत्र को अगले तीन महीनों में स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि फ्रांस की संस्था ‘1001 फोंटेन्स’ के साथ मिलकर सुलभ ने कुछ महीने पहले ही पश्चिम बंगाल के तीन जिलों उत्तरी 24 परगना, मुर्शिदाबाद और नादिया में एक परियोजना शुरू की है।
पाठक ने गुरुवार को कहा, “अब हम अस्सी घाट पर अपनी नई उपलब्धि को दोहराने जा रहे हैं।”
इस संयंत्र की कुल लागत 20 लाख रुपये हो सकती है, जिसे सुलभ इंटरनेशनल की ओर से खर्च किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath