विंबलडन : जोकोविक, विलियम्स, शारापोवा दूसरे दौर में

विंबलडन, 30 जून (आईएएनएस)। विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक सहित अमेरिका की सेरेना विलियम्स और रूस की मारिया शारापोवा विंबलडन के पहले दिन अपने-अपने मैच जीत दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहीं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार, पुरुष एकल में मौजूदा चैम्पियन जोकोविक ने जर्मनी के फिलिप कोल्सक्रीबर को सेंटर कोर्ट पर 6-4, 6-4, 6-4 से हराया।

जीत के बाद जोकोविक ने कहा, “यहां यह परंपरा है कि मौजूदा चैम्पियन सेंटर कोर्ट से शुरुआत करता है और यह मेरे लिए एक सम्मान की बात रही।”

जोकोविक अब दूसरे दौर में फिनलैंड के जार्को निमिनेन से भिड़ेंगे। जार्को ने पहले दौर में चार घंटे चले मुकाबले में पूर्व चैम्पियन लिटन हेविट को 3-6, 6-3, 4-6, 6-0, 11-9 से हराया।

आस्ट्रेलिया के 34 वर्षीय हेविट पहले ही अगले साल आस्ट्रेलियन ओपन के बाद संन्यास की घोषणा कर चुके हैं।

दूसरी ओर, स्टानिस्लास वावरिंका ने विश्व के 45वें वरीय खिलाड़ी पुर्तगाल के जोआओ सोउसा को 6-2, 7-5, 7-6(3) से हराकर अपने विंबलडन अभियान की शुरुआत की।

महिला वर्ग में इस साल आस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन जीत चुकीं सेरेना ने 113वीं वरीयता प्राप्त रूस की मार्गरिटा गासपर्यान को 6-4, 6-1 से हराया।

मैच के बाद सेरेना ने कहा, “मैं नहीं जानती थी कि वह एक क्वालीफायर हैं, लेकिन उन्होंने बहुत तेज शुरुआत की। मुझे एक समय ऐसा लगा कि अगर मैं सावधानी से नहीं खेलती हूं तो नतीजा कुछ और हो सकता है।”

सेरेना की बहन और पांच बार की चैम्पियन वीनस विलियम्स ने भी 42 मिनट में मैडिसन ब्रेंगले को 6-0, 6-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

चौथी वरीय शारापोवा ने पहले दौर में ब्रिटेन की जोहाना कोंटा को 6-2, 6-2 से हराया। शारापोवा अगले दौर में नीदरलैंड्स की रिचेल होगेनकैंप से भिड़ेंगी।

वहीं, पुरुष एकल में पांचवें वरीय जापान के की निशिकोरी भी इटली के सिमोने बोलेली को 6-3, 6-7(4), 6-2, 3-6, 6-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश पाने में सफल रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493