विंबलडन : सेमीफाइनल एकदूसरे के सामने होंगे फेडरर, मरे

विंबलडन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। दूसरे विश्व वरीयता प्राप्त स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार रोजर फेडरर और शीर्ष ब्रिटिश स्टार एंडी मरे ने बुधवार को ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

सेमीफाइनल में फेडरर और मरे एकदूसरे को चुनौती देंगे।

टेनिस इतिहास में सर्वाधिक 17 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने वाले फेडरर ने कोर्ट-1 पर हुए क्वार्टर फाइनल मैच में 13वीं विश्व वरीयता प्राप्त फ्रांस के जाइल्स सिमोन को सीधे सेटों में 6-3, 7-5, 6-2 से मात दे दी।

सात बार के चैम्पियन फेडरर को क्वार्टर फाइनल मैच जीतने में सिर्फ एक घंटे 35 मिनट लगे। वह पूरी रौ में नजर आए। फेडरर ने 11 एस और 36 विनर्स लगाए तथा पांच बार सिमोन की सर्विस ब्रेक की।

मौजूदा उप-विजेता फेडरर अब सेमीफाइनल में तीसरे विश्व वरीयता प्राप्त मरे का सामना करेंगे।

मरे ने बुधवार को ही सेंटर कोर्ट पर हुए पुरुष एकल वर्ग के एक अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कनाडा के वासेक पोस्पिसिल को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पोस्पिसिल करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के चौथे दौर तक पहुंचने में सफल रहे थे।

2013 के विजेता मरे ने पोस्पिसिल को सीधे सेटों में 6-4, 7-5, 6-4 से हराया। दो घंटे 12 मिनट तक चले मैच में पोस्पिसिल ने चार की अपेक्षा नौ एस तथा 23 की अपेक्षा 34 विनर्स लगाए। हालांकि 23 गैरवाजिब गलतियां उन्हें भारी पड़ीं। वह एक बार भी मरे की सर्विस ब्रेक नहीं कर पाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493