शीर्ष अदालत से व्यापमं जांच सीबीआई को सौंपने का आग्रह करेंगे : शिवराज

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि वह सर्वोच्च न्यायालय से आग्रह करेंगे कि व्यापमं घोटाले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी जाए।

चौहान ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मामले की सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई होने वाली है। मैं इस मामले में सीबीआई से जांच कराने का आग्रह करता हूं। मैंने व्यापमं मामले की जांच सीबीआई से कराने के लिए उच्च न्यायालय से भी आग्रह किया है।”

सर्वोच्च न्यायालय में नौ जुलाई को व्यापमं घोटाले की सीबीआई जांच की मांग करने वाली चार अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई होगी।

व्यापमं भर्ती घोटाले में सीबीआई जांच के अनुरोध के एक दिन बाद बुधवार को शिवराज चौहान राजधानी दिल्ली में थे। वे यहां पर विश्व हिदी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा के लिए विदेश मंत्रालय द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल होने के लिए आए थे।

चौहान ने दावा किया कि वह पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने गहनता से मामले की जांच शुरू कराई थी।

चौहान ने कहा, “हमारी सरकार ने अभी तक जिम्मेदारी से जांच की। इसके बाद भी अगर किसी को कोई संदेह है तो सीबीआई जांच से सच सामने आने देना चाहिए। सरकार सीबीआई जांच के लिए तैयार है और जो भी इस मामले में दोषी हैं उन्हें सजा मिलनी चाहिए।”

उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि मध्य प्रदेश के विकास से उसका कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने कहा, “उन्हें मध्य प्रदेश के विकास से कोई लेना देना नहीं है। वे केवल मध्य प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।”

चौहान के दिल्ली के रहने वाले पत्रकार अक्षय सिंह के परिजनों के मिलने की भी संभावना है। अक्षय की चार जुलाई को मध्य प्रदेश के झाबुआ में घोटाले की कवरेज के दौरान मौत हो गई थी।

शिवराज ने कहा, “निश्चित रूप से मैं अक्षय सिंह के परिवार से मिलने जाऊंगा। मैं समय तय करने के बाद वहां जाऊंगा।”

व्यापमं भर्ती घोटाले में नाटकीय रूप से यू-टर्न लेते हुए शिवराज सिंह ने मंगलवार को उच्च न्यायालय से मामले की सीबीआई जांच का अनुरोध किया था।

शिवराज सिंह के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने मंगलवार को राज्य के उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की थी, जिसमें इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की बात कही गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493