लंदन, 5 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स ने मंगलवार को वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
छह बार की मौजूदा चैम्पियन सेरेना को सेंटर कोर्ट पर खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपनी प्रतिद्वंद्वी 21वीं वरीय रूस की एनस्तासिया पावल्युनचेवकोवा को हराने में मात्र एक घंटा 13 मिनट लगे।
सेरेना ने पावल्युनचेवकोवा को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से मात दी। सेरेना की ग्रैंड स्लैम मैचों में यह 302वीं जीत है।
21 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकीं सेरेना को अब सेमीफाइनल में 50वीं वरीय रूस की ही एलेना वेसनिना से भिड़ना होगा।
सेरेना को इस साल अपने पहले ग्रैंड स्लैम का इंतजार है। इस साल फ्रेंच ओपन में उन्हें स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा ने फाइनल में हराया था। साल के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन में भी वह अपना खिताब नहीं बचा पाईं थी और जर्मनी की ऐंजेलिक केर्बर के हाथों खिताबी मुकाबला गंवा बैठीं।
dharmpath.com dharmpath