विंबलडन : सेरेना, रादवांस्का सेमीफाइनल में

विंबलडन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स ने ग्रास कोर्ट के एकमात्र ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

सेरेना के अलावा रूस की मारिया शारापोवा, स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा और पोलैंड की एग्निएज्का रादवांस्का भी मंगलवार को महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश करने में सफल रहीं।

पांच बार की चैम्पियन सेरेना ने सेंटर कोर्ट पर मंगलवार को हुए महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मैच में बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका को तीन सेटों में 3-6, 6-2, 6-3 से हरा दिया।

पहला सेट गंवाने के बाद सेरेना ने शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट जीतकर दो घंटा चार मिनट में मैच अपने नाम कर लिया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, दो बार की आस्ट्रेलियन ओपन विजेता एजारेंका और सेरेना के बीच इस मुकाबले को देखने के लिए 15,000 दर्शक पहुंचे थे।

सेरेना अब सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी चौथी वरीय शारापोवा का सामना करेंगी।

शारापोवा से होने वाली भिड़ंत पर सेरेना ने कहा, “मैं अगले मुकाबले के लिए तैयार हूं। मेरे पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है। मेरा उद्देश्य सिर्फ यह मैच जीतना रहेगा।”

बुधवार को महिला एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में 13वीं वरीय रादवांस्का ने कोर्ट-1 पर हुए क्वार्टर फाइनल में 21वीं वरीय अमेरिका की मैडिसन कीज को 7-6(7-3), 3-6, 6-3 से हरा दिया।

कीज ने कहीं अधिक आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और 12 एस तथा 48 विनर्स लगाए, हालांकि 40 गैरवाजिब गलतियां करने का उन्हें खामियाजा उठाना पड़ा।

2012 की उप-विजेता रादवांस्का अब सेमीफाइनल में स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा का सामना करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493