रियो डी जेनेरियो, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय पैरालम्पिक समिति (आईपीसी) के अध्यक्ष फिलिप क्रावेन ने कहा कि 2016 पैरालम्पिक खेल विकलांगता की ओर दक्षिण अमेरिका के लोगों के नजरिए को बदल देगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार दक्षिण अमेरिका में पहली बार आयोजित होने जा रहे पैरालम्पिक खेलों से एक साल पहले क्रावेन ने सोमवार को कहा कि इन खेलों को इतिहास में सर्वश्रेष्ठ बनाने का लक्ष्य है।
क्रावेन के अनुसार उनके पास खेलों को कवर करने के लिए इतने अधिक प्रसारक हैं,जितने कभी किसी खेल आयोजन में नहीं रहे होंगे और उनका लक्ष्य लंदन 2012 और सोची 2014 की सफलता को भी पार करना है और अभी तक इसके आसार अच्छे हैं।
आयोजकों के अनुसार रियो 2016 पैरालम्पिक खेलों में 178 देशों और क्षेत्रों से करीब 4,350 एथलीट प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसके लिए 33 लाख टिकट बेचे जाएंगे। यह संख्या लंदन पैरालम्पिक खेलों से पांच लाख अधिक है। टिकटों की शुरुआती कीमत 2.60 डॉलर रखी गई है।
रियो 2016 अध्यक्ष कार्लोस अर्थर नुजमान ने कहा, “आज से एक साल बाद हम माराकाना स्टेडियम में पहले पैरालम्पिक खेलों के उद्घाटन का जश्न मनाएंगे। हम सबसे बेहतर तरीके से पैरालम्पिक खेलों की मेजबानी के लिए अंतिम तैयारियां कर रहे हैं। यह तैयारियां पैरालम्पिक खेलों के लिए इस बार के आयोजन को सबसे यादगार बनाएंगी।”
dharmpath.com dharmpath