विजयाराजे सिंधिया की जन्मशताब्दी पर मैराथन दौड़

भोपाल, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश भर में सिंधिया राजघराने की विजयाराजे सिंधिया ‘राजमाता’ की जन्मशताब्दी को मना रही है। शुक्रवार को पूरे राज्य में भाजपा ने नारी शक्ति दिवस के तौर पर मनाया। ग्वालियर में जहां मैराथन दौड़ शुरू हुई, वहीं विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

ग्वालियर के क्षत्री पार्क से दिल्ली तक के लिए 400 किमी कि महिला सशक्तीकरण दौड़ को हरी झंडी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिखाकर रवाना किया। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर के नेतृत्व में यह महिला रिले मैराथन दौड़ पांच राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली से होते हुए 16 अक्टूबर को दिल्ली में समाप्त होगी। दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में इसका समापन होगा।

भाजपा के अनुसार, इस मैराथन में शुरू से लेकर अंत तक 375 किमी के बीच 100 महिलाएं दौड़ेंगी। उसके साथ ही कई नामचीन व्यक्ति, सेलिब्रिटी भी बीच में इससे जुड़ेंगे और मोदी सरकार की उन योजनाओं को लोगों से साझा करेंगे, जिससे महिलाओं का सशक्तीकरण हुआ है।

भाजपा द्वारा इस मौके पर विभिन्न स्थानों पर आयोजित कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती एवं प्रदेश शासन की मंत्री ललिता यादव सागर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मंत्री अर्चना चिटनीस एवं महापौर मालिनी गौड़ इंदौर, उत्तरप्रदेश की मंत्री रीता बहुगुणा जोशी एवं मंत्री कुसुम मेहदेले रीवा, केंद्रीय मंत्री निरंजना ज्योति एवं सांसद ज्योति धुर्वे छिदवाड़ा, सरोज पांडे एवं प्रदेश मंत्री कृष्णा गौर उज्जैन तथा सांसद मीनाक्षी लेखी व महापौर स्वाती गोड़बोले जबलपुर में उपस्थित रहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493