गांधीनगर, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विजय रूपानी ने रविवार को राज्य के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और 23 अन्य मंत्रियों के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
राज्यपाल ओ.पी. कोहली ने उन्हें महात्मा मंदिर में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, वयोवृद्ध नेता लाल कृष्ण आडवाणी और निवर्तमान मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित थीं।
नितिन पटेल समेत आठ मंत्रियों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि अन्य 16 मंत्रियों ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
अचानक उठाए गए कदम के तहत आनंदीबेन पटेल के मंत्रिमंडल में वित्तमंत्री रहे सौरभ पटेल और सामाजिक न्याय मंत्री रमनलाल वोरा समेत 9 मंत्रियों को बाहर कर दिया गया है।
नए मंत्रिमंडल में सदस्यों की कुल संख्या 25 हो गई है, जबकि आनंदीबेन सरकार में 24 मंत्री थे।
पाटीदार समुदाय ने आरक्षण की मांग को लेकर सड़कों पर भारी प्रदर्शन कर आनंदीबेन पटेल के समक्ष बड़ी चुनौती पेश की थी। उनके आक्रोश पर पानी डालने के लिए रूपानी मंत्रिमंडल में इस समुदाय से आठ मंत्री बनाए गए हैं।
आनंदीबेन ने अपनी उम्र का हवाला देकर मुख्यमंत्री का पद छोड़ने की इच्छा जाहिर की थी। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होना है। रूपानी को चुनाव जिताऊ मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय रूपानी और नितिन पटेल को शपथ लेने के बाद बधाई दी और कहा कि गुजरात की विकास यात्रा जारी रखने के लिए यह एक नई पारी की शुरुआत है।
उन्होंने ट्वीट कर आनंदीबेन की प्रशंसा की- “कई वर्षो से वह गुजरात के लोगों के लिए अथक काम कर रही हैं।”
शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।
dharmpath.com dharmpath