नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। पेशेवर मुक्केबाजी में शानदार शुरुआत करने वाले भारत के विजेन्दर सिंह को अपने पहले खिताबी मुकाबले में कड़ी चुनौती मिल सकती है। शनिवार को विजेन्दर डब्ल्यूबीओ एशिया पेसिफिक सुपर मिडिलवेट चैम्पियनशिप खिताब के लिए आस्ट्रेलिया के कैरी होप से भिड़ेंगे।
बीजिंग ओलम्पिक में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाले मुक्केबाज विजेन्दर ने अभी तक कुल छह पेशेवर मुकाबले खेले हैं जिसमें सभी मुकाबलों में उन्हें जीत मिली है। लेकिन इस बार उनका सामना अपने से ज्यादा अनुभवी मुक्केबाज से है।
होप के पास 12 वर्षो का अनुभव है। उन्होंने अभी तक 30 मुकाबले खेले हैं और 23 में जीत हासिल की है।
विजेन्दर ने कहा कि वह अपने घर में होने वाले इस मुकाबले को जीतेंगे। उन्होंने साथ ही कहा कि शनिवार को होने वाला मुकाबला भारत में मुक्केबाजी के भविष्य के लिए निर्णायक मुकाबला होगा।
विजेन्दर ने मैच से पहले शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह मुकाबला निश्चित ही भारत में पेशेवर मुक्केबाजी का भविष्य तय करेगा। यह पहला कदम है और मुझे उम्मीद है कि इस तरह के कई मुकाबले भविष्य में यहां होंगे। मुझे उम्मीद है कि हम इस नई पहल में सफल होंगे।”
मुकाबले के 24 घंटे पहले मनोवैज्ञनिक लड़ाई शुरू हो चुकी है। होप ने विजेन्दर को चुनौती देते हुए कहा, “इन्हें (विजेन्दर को) देखकर ऐसा नहीं लगता कि वह मेरी तरह कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।”
इसका जवाब देते हुए विजेन्दर ने कहा, “मैं उन्हें (होप) कल बताऊंगा कि मैं कितनी मेहनत कर रहा हूं।”
उन्होंने कहा, “इस बार यह मुकाबला थोड़ा मुश्किल होने वाला है लेकिन मैं इसे जीतूंगा। मैं कड़ा अभ्यास कर रहा हूं और होप के खिलाफ जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हूं। यह मेरा सातवां नॉकआउट मुकाबला होगा और अपने देश में इसका जश्न मनाने से अच्छा और क्या हो सकता है।”
विजेन्दर ने इससे पहले 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों में आखिरी बार भारत में कोई मुकाबला खेला था। वह अपने घर में मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने मजाकिया लहजे में गुजारिश की कि लोग उनसे मैच के फ्री पास न मांगे और टिकट खरीद कर मुकाबला देखने आए।
उन्होंने कहा, “राष्ट्रमंडल खेलों के बाद मैं काफी लंबे समय के बाद भारत में मुकाबला खेल रहा हूं। घर में वापस आकर मैं काफी उत्साहित हूं। जिस तरह का उत्साह यहां है उसे बयां कर पाना मुश्किल है।”
शनिवार को मुकाबले के विजेता को शीर्ष 15 खिलाड़ियों में जगह मिलेगी। भारतीय मुक्केबाज का मानना है कि असली जंग शीर्ष 15 में आने के बाद शुरू होगी। इस पर जवाब देते हुए होप ने कहा, “इसके लिए विजेन्दर को लंबा इंतजार करना पड़ेगा।”
मैनचेस्टर में साल भर अभ्यास करने वाले विजेन्दर ने दिल्ली की गर्मी पर कहा कि उन्हें यहां आकर अपने घर जैसा लगता है।
उन्होंने कहा, “दिल्ली में काफी गर्मी है, लेकिन मैं इसका आदी हूं। मैंने एक साल मैनचेस्टर में अभ्यास किया। यह इंग्लैंड में छुट्टियां बिताने जैसा था, लेकिन यह मेरे लिए घर जैसा है।”
dharmpath.com dharmpath