ईटानगर/गुवाहाटी, 15 जुलाई (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री नबाम तुकी ने शुक्रवार को राज्यपाल तथागत रॉय से मुलाकात की और सदन में बहुमत साबित करने के लिए 10 दिनों का वक्त मांगा, लेकिन बाद में राजभवन ने एक बयान जारी कर कहा कि शक्ति परीक्षण शनिवार को ही होगा।
तुकी ने राज भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, “मैंने आज राज्यपाल से मुलाकात की और सदन में बहुमत साबित करने के लिए 10 दिनों का वक्त मांगा। यह हर तरफ से कटा हुआ राज्य है और मौसम भी बरसात का है। हमारे अधिकांश विधायक राज्य से बाहर हैं और वे शनिवार को सत्र में शामिल नहीं हो पाएंगे।”
बैठक में राज्य के गृहमंत्री तांगा ब्यालिंग भी तुकी के साथ थे।
तुकी ने गुरुवार रात राज्यपाल को एक पत्र भेजा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईटानगर पहुंचने के बाद सदन में बहुमत साबित करने के लिए उन्हें केवल 48 घंटे का समय मिला है। उन्होंने कहा, “मेरे अधिकांश विधायक शहर से बाहर हैं और मैं उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा हूं।” तुकी ने कहा कि अधिकांश लोगों को तो जानकारी भी नहीं है, क्योंकि उन्होंने गुरुवार को कार्यभार संभाला है।
अपने पत्र में उन्होंने शक्ति परीक्षण को लेकर सरकारिया आयोग की सिफारिशों का भी जिक्र किया, जिसके मुताबिक बहुमत साबित करने के लिए मुख्यमंत्री को उचित समय मिलना चाहिए और उन्होंने उचित समय के रूप में 30 दिनों का जिक्र किया।
रॉय के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में तुकी ने कहा, “राज्यपाल ने मुझसे कहा है कि वह कानूनी विशेषज्ञों की राय लेंगे और उसके बाद ही कोई फैसला लेंगे। मुझे उम्मीद है कि मेरी अपील पर वह ध्यान देंगे।”
उधर, राज भवन ने एक बयान जारी कर कहा कि तुकी तथा रॉय ने राज्य के संपूर्ण घटनाक्रमों व कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा की और विधानसभा में शक्ति परीक्षण कल (शनिवार) ही होगा।
बयान के मुताबिक, “राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से विधानसभा में कल (16 जुलाई) बहुमत साबित करने के लिए कहा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर कोई शंका नहीं होनी चाहिए। राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।”
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री कलिखो पुल ने दावा किया कि 60 सदस्यीय विधानसभा में उन्हें 42 विधायकों का समर्थन है। दो सदस्यों के इस्तीफे के बाद सदन में 58 विधायक बचे हैं।
गुवाहाटी के एक होटल में 42 विधायकों के साथ बीते दो दिनों से डेरा जमाए पुल ने आशंका जताई कि अगर शक्ति परीक्षण के लिए अधिक समय दिया गया, तो विधायकों की खरीद-फरोख्त का प्रयास किया जा सकता है।
उन्होंने हालांकि 42 विधायकों के समर्थन का भरोसा जताते हुए कहा कि शक्ति परीक्षण में वह तुकी को आसानी से हरा देंगे।
सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का पालन करते हुए बुधवार को रॉय ने तुकी को राज्य के मुख्यमंत्री के पद पर काबिज कर दिया और बहुमत साबित करने के लिए शनिवार को सदन का सत्र बुलाने को कहा।
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा मेंपीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल प्रदेश (पीपीए) के 30, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 11, कांग्रेस के 15 तथा दो निर्दलीय विधायक हैं। पुल ने दावा किया है कि उन्हें पीपीए के 29, भाजपा के 11 और दो निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
dharmpath.com dharmpath