नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। बेहतर मानसून और प्रभावी नीति निर्माण के बल पर देश की विकास दर 2016-17 में आठ फीसदी रह सकती है। यह बात बुधवार को वित्त मंत्रालय ने कही।
आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने यहां संवाददाताओं से कहा, “इस साल मानसून का अनुमान बेहतर है। हम उम्मीद करते हैं कि मानसून अच्छा रहेगा। मानसून के कारण ग्रामीण क्षेत्र बेहतरीन प्रदर्शन करेगा। और बजट के बेहतर प्रावधानों के कारण 2016-17 में विकास दर आठ फीसदी तक पहुंच सकती है।”
पिछले दिन जारी सरकारी आंकड़े के मुताबिक, बीते वित्त वर्ष 2015-16 में विकास दर 7.6 फीसदी रही और चौथी तिमाही में यह दर 7.9 फीसदी रही।
दास ने कहा कि वैश्विक सुस्ती के बावजूद 2015-16 में विनिर्माण क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन के कारण विकास दर बेहतर रही।
उन्होंने कहा, “प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) सुधार, बिजली क्षेत्र की समस्या का निराकरण, इस्पात क्षेत्र की समस्या का निराकरण इन सबके प्रभाव से 2015-16 में विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर 9.3 फीसदी रही।”
dharmpath.com dharmpath