बैतूल, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के सारणी में स्थित सतपुड़ा ताप विद्युत गृह की पुरानी ईकाइयों को ढहाने के दौरान बुधवार को एक हिस्से के मलबे में दबकर छह मजदूर घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई और पांच की हालत गंभीर है। घायलों को पाढर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के जनसंपर्क अधिकारी एस.के. मालवीय ने बताया कि मुंबई की सिक्किम फेरो कंपनी को संयंत्र की पुरानी इकाइयों को ढहाने (डिस्मेन्टल) का ठेका दिया गया है। कंपनी द्वारा एक नवंबर से इस काम को किया जा रहा है।
मालवीय ने बताया कि बुधवार को मजदूर पॉवर हाउस के करीब स्थित कन्वेयर लाइन को तोड़ रहे थे। इसी दौरान करीब 45 मीटर ऊंचाई पर स्थित कन्वेयर लाइन अचानक एक ओर झुक गई और मलबे में कई मजदूर दब गए, इनमें से छह मजदूर घायल हो गए। इन घायल मजदूरों में से रामलाल तलसा (22) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं पांच घायल मजदूरों का इलाज जारी है।
dharmpath.com dharmpath