नई दिल्ली/बीजिंग, 24 जुलाई (आईएएनएस)। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ के सूत्रों ने पुष्टि की है कि उसके तीन पत्रकारों को महीने के अंत तक भारत छोड़ने को कह दिया गया है, लेकिन उन तीनों के स्थान पर अन्य को भेजा जा सकता है।
सिन्हुआ के नई दिल्ली और मुंबई ब्यूरो के प्रमुख क्रमश: वु कियांग और लु तंग के अलावा मुंबई के एक युवा पत्रकार शी योंगगांग को 31 जुलाई तक भारत छोड़ने को कहा गया है।
नई दिल्ली में एक सूत्र ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, “उनके खिलाफ प्रतिकूल खुफिया रिपोर्ट मिलने के कारण उन्हें जाने को कहा गया है। उनकी वीजा अवधि इस साल जनवरी-फरवरी में समाप्त हो चुकी थी।”
सूत्र के मुताबिक, “खुफिया रिपोर्टों के मुताबिक, वे तीनों अपने पेशे से इतर असंगत काम कर रहे थे।”
सूत्र ने कहा कि इसे निष्कासन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
सूत्र ने कहा, “इसे निष्कासन नहीं कहा जा सकता, क्योंकि जिन तीन लोगों को जाने को कहा गया है, सिन्हुआ उन के स्थान पर किसी और को भेज सकता है।”
सिन्हुआ के एक वरिष्ठ पत्रकार ने चीन में आईएएनएस को बताया, “यह सच है। मैं नहीं जानता कि उन्होंने (भारत) यह क्यों किया है।”
पत्रकार ने कहा, “मैं और ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहूंगा, क्योंकि मेरे पास और जानकारी नहीं है।”
आईएएनएस ने नई दिल्ली में सिन्हुआ से फोन पर बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
dharmpath.com dharmpath