नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता जयराज राजशेखरन नायर के निर्देशन में बनी कुणाल कपूर अभिनीत ‘वीरम’ के वर्ल्ड प्रीमियर के साथ शुक्रवार को नई दिल्ली में पहले ब्रिक्स फिल्मोत्सव की शुरुआत होगी। गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की गई।
भारत में आयोजित हो रहे आठवें ब्रिक्स सम्मेलन की विशेष योजनाओं का हिस्सा बना यह फिल्मोत्सव दो से छह सितंबर तक दिल्ली के सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम कॉम्प्लेक्स में चलेगा।
तीन भाषाओं में ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी ‘वीरम’ विश्वविख्यात नाटककार शेक्सपीयर की उत्कृष्ट रचना ‘मैकबेथ’ पर आधारित है।
इस अवसर पर जयराज ने कहा, “मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि महान लेखक शेक्सपीयर की 400वीं जयंती वर्ष में उन्हीं की कृति पर आधारित मेरी फिल्म के साथ इस फिल्मोत्सव का आगाज होगा। ब्रिक्स ने हमारी फिल्म का फिल्मोत्सव के आगाज के लिए चयन कर हमारे काम को सम्मानित किया है।”
‘वीरम’ 13वीं शताब्दी के केरल की पृष्ठभूमि पर बनी है। लोक साहित्य और लोक गीतों के जरिए प्रसिद्ध हुए वास्तविक चरित्र को यह फिल्म पुनर्जीवित करती है। मैकबेथ के समान इस फिल्म में भी सफलता पाकर ऊपर चढ़ने और गिरने की कहानी है।
चंद्रा आर्ट्स द्वारा निर्मित ‘वीरम’ भारत में इसी वर्ष रिलीज होगी। यह फिल्म तीन भाषाओं हिंदी, अंग्रेजी और मलयालम में बनी है और आगे इसे तमिल और तेलुगू में डब करने की योजना है।
dharmpath.com dharmpath