नोएडा, 5 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा प्राधिकरण बुजुर्गो व अनाथ बच्चों की देखभाल के लिए एक ही छत के नीचे एक वृद्धाश्रम सह अनाथ आश्रम बनाने पर विचार कर रहा है। इसकी लागत 300 करोड़ रुपये होगी। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यहां यह जानकारी दी गई।
नोएडा प्राधिकरण के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव ने कहा, “परियोजना का मकसद बुजुर्गो व अनाथ बच्चों को घरेलू माहौल में बेहतरीन देखभाल प्रदान करना है। अनाथ बच्चों को प्रेम व मार्गदर्शन की जरूरत है, जबकि बुजुर्गो को देखभाल व आदर की। बच्चों को बुजुर्गो के अनुभव से बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा।”
इस केंद्र का निर्माण 5,000 वर्गमीटर भूमि पर बी-11, सेक्टर 62 नोएडा में होगा। इसमें 5.5 एकड़ क्षेत्र में एक पार्क भी होगा।
निर्माण पूरा होने पर इसमें लगभग 216 बुजुर्ग और 160 बच्चे रहेंगे। इस चार मंजिला इमारत में एक पुस्तकालय, एक स्वास्थ्य देखभाल कक्ष, चिकित्सा आपातकालीन कक्ष, डाइनिंग एरिया व विभिन्न गतिविधियों के लिए कमरे होंगे।
इमारत की प्रत्येक मंजिल पर चार बिस्तरों वाले आठ कमरे, दो बिस्तरों वाले 11 कमरे और साथ में 10 बिस्तरों का शयनकक्ष व सहायकों के लिए दो बिस्तरों के कमरे होंगे।
स्वस्थ जीवनशैली के लिए योगा, फिजियोथेरेपी व साधना के लिए अलग से हॉल होंगे।
प्रत्येक मंजिल पर बुजुर्गो व अनाथ बच्चों के लिए एक कॉमन रूम होगा, जिसमें इनडोर व अन्य गतिविधियों की सुविधा होगी।
श्रीवास्तव ने कहा, “वरिष्ठ नागरिकों व अनाथ बच्चों के लिए संगठन की यह एक बेहतरीन पहल है। वृद्धाश्रम सह अनाथ आश्रम तथा दादा-दादी पार्क का निर्माण काम तेजी से चल रहा है और यह जल्द ही पूरा हो जाएगा।”
dharmpath.com dharmpath