नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय शहरी विकास और आवास तथा गरीबी उन्मूलन मंत्री एम. वेंकैया नायडू मंगलवार को गुवाहाटी में अपनी यात्रा के दौरान पूर्वोत्तर के आठ राज्यों में नवीन शहरी मिशन की समीक्षा करेंगे।
दोनों मंत्रालयों के सचिव, केन्द्र सरकार द्वारा शुरू किए गए नवीन शहरी मिशन के राष्ट्रीय मिशन निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी, राज्य स्तर के निदेशकों एवं राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ, आधिकारिक स्तर की समीक्षा के लिए गुवाहाटी पहुंच चुके हैं।
समीक्षा बैठक में एम. वेंकैया नायडू के साथ मुख्यमंत्री एवं शहरी विकास तथा नगरपालिका कार्य एवं आवास मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में उत्तर-पूर्व एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एकमुश्त 10 फीसदी योजना के अलावा 25 जून 2015 को शुरू किए गए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), कायाकल्प एवं शहरी रूपांतरण के लिए अटल मिशन तथा स्मार्ट शहर मिशन और 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) की समीक्षा की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अर्थात पीएमएवाई (शहरी) के अंतर्गत आवास तथा गरीबी उन्मूलन मंत्रालय पूर्वोत्तर के आठ राज्यों में रहने वाले शहरी गरीबों के लिए पिछले दो सालों में 99,940 सस्ते मकानों के निर्माण को मंजूरी दे चुका है। जबकि वर्ष 2004-14 के बीच करीब 10 सालों में जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) एवं राजीव आवास योजना (आरएवाई) के अंतर्गत 31,778 मकानों के निर्माण को मंजूरी दी गई थी। वर्ष 2004-14 के बीच मंजूर किए गए आवासों में से केवल 20,991 मकानों का ही निर्माण किया गया था।
dharmpath.com dharmpath