पणजी, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। गोवा में शिवसेना ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सुभाष वेलिंगकर के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए इसे संघ व भाजपा का ‘आत्मघाती’ कदम बताया। पार्टी ने वेलिंगकर के नेतृत्व में क्षेत्रीय भाषा के लिए चलाए जा रहे आंदोलन का भी समर्थन किया।
शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष सुदीप तामंकर ने पणजी में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “वेलिंगकर का उत्पीड़न भाजपा तथा आरएसएस का एक आत्मघाती कदम है। शिवसेना वेलिंगकर तथा गोवा के प्राथमिक स्कूलों में क्षेत्रीय भाषा को बढ़ावा देने के लिए उनके आंदोलन के साथ खड़ी है।”
वेलिंगकर को गोवा राज्य संघ चालक के पद से बुधवार को बर्खास्त कर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने गोवा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गोवा इकाई का अलग से गठन किया है और प्रदेश के सभी स्थानीय संघ कार्यालय के पदाधिकारी उनका समर्थन कर रहे हैं।
आरएसएस के शीर्ष नेतृत्व ने हालांकि नए गुट को मान्यता देने से इनकार कर दिया और कहा कि वे गोवा में जल्द ही नए संघ चालक की नियुक्ति करेंगे।
वेलिंगकर ने कहा है कि भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन की अंग्रेजी समर्थक शिक्षा नीति की आलोचना करने पर उन्हें आरएसएस के शीर्ष नेतृत्व तथा रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने निशाना बनाया। वेलिंगकर का दावा है कि सरकार कोंकणी व मराठी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं को दरकिनार कर रही है।
आरएसएस ने हालांकि दावा किया है कि वेलिंगकर के नेतृत्व वाले आंदोलन का राजनीतिक उद्देश्य है और इसलिए उन्हें राज्य संघ चालक के पद से हटाया गया।
dharmpath.com dharmpath