वैश्विक नेता थे नेहरू : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को ‘वैश्विक नेता’ की संज्ञा देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत को एक मजबूत लोकतंत्र बनाने में नेहरू का योगदान बेहद अहम है।

जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर एक समारोह मे राजनाथ सिंह ने कहा, “भारत को विश्व पटल पर एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में विकसित करने में नेहरू का योगदान बेहद अहम रहा। नेहरू सरकारी और निजी क्षेत्र के बीच साझेदारी के समर्थक थे, जो आज भी भारतीय समाज में मौजूद है और विकास के सबसे आसान उपायों में से एक है।”

राजनाथ ने कहा कि वैचारिक भिन्नता के बावजूद कोई भी जनकल्याण के लिए काम करने की और देश के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता को लेकर नेहरू की मंशा पर सवाल नहीं उठा सकता।

राजनाथ ने कहा, “ऐसे अनेक मुद्दे हैं जिन पर हमारी नेहरू से मतभिन्नता है। उनकी नीतियों को लेकर हमारे बीच मतभेद है, लेकिन हम जनकल्याण के लिए काम करने की उनकी मंशा और देश के निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर संदेह नहीं कर सकते।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं राजनीतिक आइने से नेहरू को नहीं देखता और उन्हें हमेशा राष्ट्रीय आइने से देखा जाना चाहिए।”

नेहरू को दूरद्रष्टा नेता बताते हुए राजनाथ ने कहा, “नेहरू जैसे नेताओं के अमिट योगदान के बूते ही भारत आज वयस्क मताधिकार, संप्रभु संसद, स्वतंत्र न्यायपालिका और मुक्त मीडिया वाला लोकतंत्र है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493