हैदराबाद, 18 जून (आईएएनएस)। वोट के बदले नोट मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की पूछताछ का सामना कर रहे तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) नेता वी.नरेंद्र रेड्डी ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि तेदेपा नेता ने नायडू को एसीबी अधिकारियों द्वारा बुधवार को उनसे छह घंटे तक की गई पूछताछ की जानकारी की।
रेड्डी तेलंगाना विधान परिषद चुनाव में तेदेपा-भाजपा उम्मीदवार थे।
तेदेपा विधायक ए.रेवंत रेड्डी को 31 मई को एसीबी ने गिरफ्तार किया था, जब वह मनोनित विधायक एल्विस स्टीफन्सन को नरेंद्र रेड्डी के पक्ष में वोट करने के लिए 50 लाख रुपये की पेशकश कर रहे थे।
रेवंत और उनके दो अन्य सहयोगी फिलहाल हैदराबाद की एक जेल में बंद हैं।
एसीबी ने मंगलवार को तेदेपा नेताओं सांड्रा वैंकट वीरैया और रैड्डी को नोटिस जारी किया था। वीरैया हालांकि, एसीबी के समक्ष अभी पेश नहीं हुए हैं।
स्टीफन्सन तथा दो अन्य गवाहों ने मंगलवार को अदालत में अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं।
चंद्रबाबू नायडू और स्टीफन्सन के बीच टेलीफोन पर बातचीत का कथित ऑडियो टेप विभिन्न टेलीविजन चैनलों पर सात जून को जारी हुआ था। तेलंगाना में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की सरकार ने इस घोटाले के पीछे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का हाथ होने का आरोप लगाया है।
एसीबी ने हालांकि, अब तक नायडू को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया है।
dharmpath.com dharmpath