व्यापमं के जरिये चयनित प्रशिक्षु महिला सब इंस्पेक्टर ने खुदकुशी की

सागर, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) की ओर से आयोजित होनी वाली परीक्षा के जरिए चयनित एक प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) ने राज्य के सागर जिले में खुदकुशी कर ली। पुलिस ने उनका शव बरामद कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

आत्महत्या करने वाली प्रशिक्षु उप निरीक्षक की पहचान अनामिका कुशवाहा के रूप में हुई है। वह जिले के जवाहर लाल नेहरू पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षणरत थीं। उन्होंने सोमवार सुबह तालाब में कूदकर जान दे दी।

पुलिस के अनुसार, अनामिका का शव बरामद कर लिया गया है। आत्महत्या की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है।

पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस प्रशिक्षण केंद्र तालाब के तट पर स्थित है। अनामिका ने सोमवार सुबह तालाब में कूदकर जान दे दी। वह यहां प्रशिक्षणरत थीं। मामले की जांच चल रही है।

पुलिस अधीक्षक अतुलकर से जब अनामिका की आत्महत्या का कोई संबंध व्यापमं से होने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया।

अनामिका ग्वालियर की रहने वाली बताई गई हैं।

ज्ञात हो कि राज्य में सब इंस्पेक्टर की चयन परीक्षा व्यापमं द्वारा आयोजित की जाती है और व्यापमं में हुआ घोटाला इन दिनों चर्चाओं में है। इस मामले में अब तक संदिग्ध परिस्थितियों में 40 से अधिक मौत हो चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493