लखनऊ /बरेली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद गहलोत ने यहां शनिवार को कहा कि मध्यप्रदेश के व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है। उस पर पूरा भरोसा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान निर्दोष साबित होंगे।
भाजपा के महाप्रशिक्षण अभियान में शामिल होने बरेली आए केंद्रीय मंत्री गहलोत ने केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार के कार्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान ये बातें कही।
याकूब मेमन को फांसी देने पर उठे सवाल के जवाब में गहलोत ने कहा कि वह देशद्रोही था। उसे कोर्ट ने सजा सुनाई। अब इस पर राजनीति हो रही है। यदि ऐसा करने वाले किसी पार्टी से जुड़े हैं तो उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
संसद में विपक्ष की ओर से किए जा रहे हमले के सवाल पर कहा कि विपक्षी प्रजातंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं। भाजपा चर्चा करने के लिए तैयार है, लेकिन वे राजी तो हों।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को वृहद रूप दिया जाएगा। उप्र में दो हजार से अधिक लोगों को ट्रेनिंग दिलाकर स्वरोजगार की ओर उन्मुख किया गया है। 12 हजार शौचालय उप्र में अब भी शुष्क हैं, जिन्हें जल्द खत्म कराया जाएगा। साथ ही मैला ढोने से जुड़े लोगों को चार से पांच फीसद वार्षिक ब्याज दर पर लोन दिलाया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने कौशल मंत्रालय अलग से बनाया है। प्रशिक्षण देकर देश के 25 करोड़ लोगों को स्वावलंबी बनाया जाएगा। एससी, ओबीसी, किन्नर व कुष्ठ रोगियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पर 400 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना आदि के खाते पार्टी के कार्यकर्ता बैंकों में खुलवाकर बहनों को रक्षाबंधन पर उन्हें बीमा का तोहफा देंगे। देश में 11 करोड़ बहनों को यह तोहफा मिलेगा। इस कार्यक्रम के लिए पांच केंद्रीय मंत्रियों की टीम बनाई गई है, जिसमें वह भी हैं।
dharmpath.com dharmpath