व्यापारियों को ‘कर चोर’ के रूप में देखती थीं कांग्रेस सरकारें : भाजपा

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कांग्रेस पर आम बजट का विरोध करने और ‘व्यापारियों पर कर चोरी के लिए शक करने’ के लिए हमला बोला। भाजपा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार व्यापारियों का सम्मान करती है।

व्यापारियों की एक बैठक में भाग लेने के बाद दिल्ली भाजपा के प्रमुख मनोज तिवारी ने संवादाताओं से कहा, “दुर्भाग्य से पिछली कांग्रेस सरकारें व्यापारियों को संदिग्ध रूप से कर चोर (टैक्स एवेडर) के रूप में देखती रहीं और उन्हें आयकर निरीक्षकों के द्वारा ‘छापा राज’ के जरिए दंडित करती रहीं।”

भाजपा नेता ने कहा, “आज देश में एक ऐसी सरकार है जो व्यापारियों और उनके योगदान का सम्मान करती है। इसलिए यह ऐसा बजट लेकर आई है जिसमें न सिर्फ व्यापारियों को कर दरों में राहत दी गई है बल्कि उन्हें बैंक से कर्ज और दूसरे वित्तीय और प्रशासनिक सहयोग भी दिए गए हैं।”

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2017-18 सिर्फ एक वार्षिक बजट भर ही नहीं हैं, बल्कि यह करदाताओं को उचित सम्मान देने के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था में बदलाव की प्रक्रिया की शुरुआत है।

केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए तिवारी ने कहा, “नई कर निर्धारण नीति किसी के लिए कर चोरी की कोई वजह नहीं छोड़ेगी। जल्द ही हम अधिकतम ईमानदार करदाताओं की संख्या वाली एक अर्थव्यवस्था होंगे।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए मनोज तिवारी ने कहा, “यह एक गहन चिंता का मामला है कि केजरीवाल सरकार दिल्ली के आवंटित बजट 2016-17 का इस्तेमाल करने के सक्षम नहीं साबित हुई और शहर में विकास कार्य में ठहराव आ गया।”

उत्तरपूर्व दिल्ली से भाजपा सांसद ने आरोप लगाया, “प्रधानमंत्री द्वारा नोटबंदी को लागू करने के लिए मांगे गए 50 दिनों के समय के दौरान केजरीवाल सरकार ने केंद्र और दिल्ली के लोगों के साथ सहयोग करने की बजाय वैट विभाग के छापों के जरिए माहौल को खराब करने की कोशिश की और व्यापारियों के परिसरों का सर्वेक्षण किया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493