जयपुर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहें 35वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले मेंराजस्थान पवेलियन में सदाबहार राजस्थानी जूतियां एवं परंपरागत मोजड़ियां दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
राजस्थान के जयपुर जिले से आए जूतियों के निर्माता जुबेर अहमद ने बताया कि राजस्थानी जूतियां विशेष रूप से चमड़े से बनाई जाती हैं। ये जूतियां पहनने में हल्की एवं टिकाऊ होती हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थानी जूतियां अपने सदाबहारी उपयोग के साथ ही देखने में आकर्षक लगती हैं। ये जूतियां अपने उचित मूल्य के कारण भी दर्शकों की प्रमुख पसंद हैं।
राजस्थान पवेलियन में राजस्थान के ‘महिला अधिकारिता निदेशालय’ द्वारा आकर्षक रंग-बिरंगी जूतियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। स्टॉल संचालक सरोज ने बताया कि ये जूतियां हर मौसम में पसीना सोखने की खास विशेषता के कारण काफी आरामदायक एवं उपयोगी होती हैं।
पवेलियन में ही राजस्थानी मोजड़ियों का प्रदर्शन कर रहे ‘रूडा’ के प्रतिनिधि विनोद रायवाल ने बताया कि मोजड़ियों का आकर्षण महिला खरीदारों एवं दर्शकों में सबसे अधिक है। रंग-बिरंगी मोजड़ियां राजस्थान के मारवाड़ अंचल की खास पहचान हैं। ये मोजड़ियां पहनने में काफी हल्की और आकर्षक होती हैं।
dharmpath.com dharmpath