शरद पवार अपनी ‘मौत’ की अफवाहों का ले रहे आनंद

पुणे, 26 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार आजकल तबीयत खराब होने की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं और उधर सोशल मीडिया पर उनकी ‘मौत’ की अफवाह उड़ रही है। वह मंगलवार को अफवाह का आनंद लेते देखे गए।

राकांपा ने मंगलवार को एक वीडियो क्लिप जारी किया, जिसमें पवार अस्पताल में मरीजों वाला नीले रंग का गाउन पहले बिस्तर पर लेटे नजर आ रहे हैं और अपनी बेटी सुप्रिया सुले, परिवार के अन्य सदस्य और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बात कर रहे हैं।

इस वीडियो में चुस्त-तंदुरुस्त नजर आ रहे 76 वर्षीय पवार पिछले दो दिनों से जारी अपनी मौत की अफवाहों पर ठहाका लगा रहे हैं। इन अफवाहों में कहा जा रहा था कि गणतंत्र दिवस के कारण उनकी मौत की बात छुपाई जा रही है, बुधवार को इसका खुलासा कर दिया जाएगा।

पवार से पहले भी कई नेताओं के बारे में ऐसी अफवाह उड़ी है। यहां तक कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की ‘मौत’ की घोषणा भी उनके निधन से पहले ही तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने संसद में कर दी थी।

राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र अवहाड द्वारा जारी इस वीडियो में सांसद सुप्रिया सुले यह कहती हुई दिखती हैं, “किसी के बारे में ऐसी अफवाह उड़ती है तो उस आदमी की उम्र और बढ़ जाती है।”

पवार को सांस लेने में तकलीफ और थकान के कारण रविवार को रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पार्टी के प्रमुख नेताओं- प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकारे, नवाब मलिक और अन्य ने उनकी ‘मौत’ की अफवाहों का खंडन किया है।

पवार तीन बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे हैं और पी.वी. नरसिंहराव व मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री रहे हैं। उनके बारे में कहा जाता है कि 2017 में होनेवाले राष्ट्रपति पद का चुनाव भी वे लड़ेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493