चेन्नई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अन्नाद्रमुक नेता और भ्रष्टाचार के मामले में कारावास की साज काट रही वी.के. शशिकला के सगे-संबंधियों व उनके कारोबारी साथियों के घरों और परिसरों में आयकर विभाग की तलाशी पांचवें दिन सोमवार को भी जारी रही।
तलाशी में बरामद की गई नकदी, सोना और संपत्ति के कागजात के बारे में आयकर अधिकारी अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रहे हैं। हालांकि अपुष्ट सूत्रों के मुताबकि अब तक की तलाशी में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य की संत्तियां व सामान बरामद हुए हैं।
आयकर विभाग के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, “बरामद कागजात के मूल्य को लेकर हमें कोई हैरानी नहीं होगी। हम अनुभवी अधिकारी हैं और इस तरह की तलाशी में हम क्या उम्मीद करते हैं, वह हमें मालूम है।”
उन्होंने कहा कि विभाग को शशिकला से जुड़े लोगों व कंपनियों की ओर से इस साल आयकर की रिटर्न दाखिल करने का इंतजार था। रिटर्न दाखिल किए जाने पर प्रकाश में आई कर चोरी और आयकर विभाग के आंकड़ों के आधार पर तहकीकात की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि तलाशी में बरामद कागजात की जांच और स्पष्टीकरण मिलने के बाद कर की मांग की जाएगी।
आयकर विभाग ने कर्नाटक के अन्नाद्रमुक नेता पुगझेंदी, जिनके परिसरों की पिछले सप्ताह तलाशी ली गई थी, को भी पूछताछ के लिए बुलाया।
पुगझेंदी ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें फिर कुछ दिनों बाद बुलाया गया है। उनका कहना था कि वह आयकर विभाग को जरूरी सहयोग करेंगे।
शशिकला इन दिनों भ्रष्टाचार के मामले में कारावास की सजा भुगत रही हैं। वह तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता की सबसे करीबी थीं और दशकों तक उनके साथ रहीं।
आयकार विभाग की तहकीकात स्रोतों का खुलासा किए बगैर शशिकला के भतीजे टी.टी.वी. दीनाकरन, जोकि अन्नाद्रमुक के एक धड़े के प्रमुख भी है, से संबंधित नकली कंपनियों के जरिए कथित तौर इकट्टा धन, जिसमें नोटबंदी के बाद नकदी भी बरामद हुए थे, को लेकर चल रही है।
विभाग के अधिकारी के मुताबिक, भारत में धन के स्रोतों की जांच आयकर विभाग करेगा, जबकि देश के बाहर इसकी जांच दूसरी एजेंसियां करेंगी।
dharmpath.com dharmpath