कोलकाता, 18 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के विद्यार्थियों व शिक्षकों का एक दल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-खड़गपुर के सहयोग से विकासशील दुनिया के गंभीरतापूर्वक अध्ययन के लिए भारत दौरे पर आया हुआ है। यह जानकारी बुधवार को एक बयान में दी गई।
आईआईटी-खड़गपुर ने पेशेवर साझेदारी को बढ़ावा देने, स्टडी एब्रॉड प्रोग्राम्स का विस्तार करने तथा अमेरिका के चयनित विश्वविद्यालयों के साथ शोध सहयोग की शुरुआत के लिए कमर कस ली है।
बयान के मुताबिक, “इस दृष्टिकोण के साथ स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग, एमआईटी तथा आईआईटी खड़गपुर का आर्किटेक्चर एंड रिजनल प्लानिंग विभाग ‘इंडिया प्रैक्टिकम प्रोग्राम’ पर सहयोग के लिए एकजुट हुए हैं।”
इंडिया प्रैक्टिकम प्रोग्राम का व्यापाक उद्देश्य मौजूदा विकासशील दुनिया में शहरीकरण का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करना है।
इस कार्यक्रम के लिए एमआईटी के लगभग 15 विद्यार्थी पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन में हैं।
अध्ययन कार्यक्रम एमआईटी में मई महीने में दो दिवसीय वार्ता के रूप में संपन्न होगा, जिसके लिए आईआईटी-खड़गपुर को आमंत्रित किया गया है।
बयान के मुताबिक, “भविष्य की संभावनाओं के अनुसार, आईआईटी में स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर पर क्रेडिट पाठ्यक्रम तथा संस्थानों के बीच समझौते करना है।”
dharmpath.com dharmpath