शाह का कर्नाटक में भाजपा की जीत का वादा

बेंगलुरू, 12 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को वादा किया कि 2018 के प्रारंभ में होनेवाले विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत हासिल करेगी। वह कर्नाटक के तीन दिन के दौरे पर शनिवार को यहां पहुंचे हैं।

नई दिल्ली से यहां पहुंचने के बाद उन्होंने हवाईअड्डे के बाहर राज्य इकाई के नेताओं और करीब 500 कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “मैं यहां राज्य में भाजपा को सत्ता में लाने के मजबूत इरादे के साथ आया हूं। मुझे लोगों की मनोदशा का अहसास है कि वे उन्हें सेवा करने के लिए हमारी पार्टी को मौका देंगे।”

प्रसिद्ध मैसूर पेटा (पगड़ी) और भगवा शॉल ओढ़े शाह ने कहा कि पार्टी अगली सरकार बनाने के लिए 225 सदस्यीय विधानसभा में 150 सीटें जीतने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा, “हम लोगों को भ्रष्ट और अक्षम कांग्रेस सरकार से मुक्ति दिलाएंगे और राज्य को कांग्रेस मुक्त बनाएंगे, जैसा कि हमने अन्य राज्यों में किया है।”

भाजपा ने दक्षिणी राज्यों में बहुमत से पहली सरकार 2008 में कर्नाटक में बनाई थी और पांच साल सत्ता में रहने के दौरान तीन मुख्यमंत्री बदले गए। उसके बाद 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत हासिल हुआ।

केंद्रीय मंत्रियों डी. वी. सदानंद गौड़ा और अनंत कुमार, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बी. एस. येदियुरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार समेत अन्य नेताओं ने शाह की अगवानी की और उन्हें पार्टी मुख्यालय लेकर गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493