शाह-जेटली ने सार्वजनिक कीं मोदी की डिग्रियां (लीड-1)

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्नातक कला और स्नातकोत्तर की डिग्री सार्वजनिक कर दी और कहा कि प्रधानमंत्री पर शैक्षणिक योग्यता के बारे में झूठ बोलने का आरोप लगाने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल माफी मांगें।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री को दिल्ली विश्वविद्यालय से मिली स्नातक कला की डिग्री और गुजरात विश्वविद्यालय से मिली स्नातकोत्तर की डिग्री को हाथ में लेकर दिखाया।

शाह ने कहा, “किसी व्यक्ति के निजी जीवन के बारे में आधारहीन आरोप लगाने से पहले उस व्यक्ति को तथ्यों की सत्यता प्रमाणित कर लेनी चाहिए थी। मैं आज यह सोचकर शर्मिदा हूं कि ऐसा दिन भी आएगा कि मुझे प्रधानमंत्री की डिग्रियां सार्वजनिक करनी पड़ेंगी।”

अमित शाह ने कहा कि बिना पर्याप्त सबूत के इस मुद्दे को उठाकर केजरीवाल ने राजनीति का स्तर गिरा दिया है। इसके लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

वहीं, जेटली ने कहा कि मोदी ने कठिन परिस्थितियों में अपनी पढ़ाई पूरी की।

उन्होंने कहा कि मोदी बीए की परीक्षा देने के लिए गुजरात से दिल्ली आते थे। उन दिनों वे एबीवीपी के दफ्तर में ठहरा करते थे।

जेटली ने कहा कि इस तरह के आरोप उस पार्टी की ओर से लगाए गए, जिसके कई विधायकों पर फर्जी डिग्रियों के खुलासे के लिए मुकदमे चल रहे हैं।

उन्होंने कहा, “दुस्साहस की राजनीति संघ शासित प्रदेश में शासन के प्रतिस्थापक के रूप में प्रयोग में लाए जा रहे हैं।”

केजरीवाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होने को लेकर प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि दिल्ली विश्वविद्यालय के किसी भी रिकार्ड में मोदी का नाम दर्ज नहीं है, ऐसे में उनकी डिग्री सही कैसे हो सकती है और जब बीए की डिग्री संदेहास्पद है तो उस आधार पर उनका एमए में दाखिला कैसे हो गया?

भाजपा ने इन सवालों का जवाब न देकर केजरीवाल के सवाल को घुमाते हुए सिर्फ यह दिखाया कि प्रधानमंत्री के पास डिग्रियां हैं। ये डिग्रियां कैसी हैं, सच्ची या फर्जी, यह सवाल अब भी बरकरार है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493