गाजियाबाद, 28 जुलाई (आईएएनएस)। स्कूल फीस अदा न करने से नाराज शिक्षक द्वारा अपमानित होने के बाद यहां एक छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
छात्रा (16) गाजियाबाद के डीएसपी हायर सेकेंडरी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। स्कूल फीस अदा न कर पाने के कारण उसके पिता ने उसका नाम दूसरे स्कूल में लिखवा दिया था।
डीएसपी स्कूल के शिक्षक अपने तीन सहयोगियों के साथ बुधवार रात जबरदस्ती छात्रा के घर में घुस आए और उसके पिता से बकाया फीस, 11 हजार रुपये की मांग की।
सुरक्षा गार्ड का काम करने वाले छात्रा के पिता रतन सिंह ने पैसे देने के लिए कुछ वक्त मांगा। इस दौरान, दोनों पक्षों के बीच गरमागरम बहस के बाद शिक्षक ने पुलिस को बुला लिया, जो पूछताछ करने के लिए रतन को अपने साथ थाने ले गई।
जब छात्रा के पिता पुलिस हिरासत में थे, तब घर में अकेली छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
पुलिस अधिकारी अनीश गौतम ने कहा कि पुलिस ने चार लोगों (डीएसपी स्कूल के शिक्षक व कर्मचारी) के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
dharmpath.com dharmpath