शिवपुरी, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। नोटबंदी के बाद मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में बैंकों के बाहर लोगों की लंबी कतारें पहले की ही तरह बरकरार हैं। शिवपुरी जिले के खनियाधाना क्षेत्र में बुधवार को एक बैंक के बाहर कतार में लगे बुजुर्ग की तबियत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह गूडर निवासी कमला वंशकार (65) अपने बेटे के साथ चार हजार रुपये बैंक से निकलवाने आए थे। उनकी तबियत बिगड़ी और वह चक्कर खाकर गिर पड़े। बाद में उनकी मौत हो गई।
कमला वंशकार के बेटे महेंद्र ने संवाददाताओं को बताया कि उसके पिता की तबियत खराब चल रही थी। उन्हें उपचार के लिए रकम की जरूरत थी, उसी के लिए वह बैंक आए थे, मगर उनकी तबियत और बिगड़ गई तथा मौत हो गई।
बताया गया है कि कमला वंशकार गूडर निवासी किसान थे। उनकी माली हालत ठीक नहीं थी और उन्हें रकम की जरूरत थी। बैंक से रकम निकालने की जद्दोजहद में बुधवार को उनकी जान चली गई।
dharmpath.com dharmpath