शिवराज के खिलाफ दर्ज शिकायत चुनाव आयोग को भेजी (लीड-1)

भोपाल, 26 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के एक नेता राजेश चौधरी के बीच हुई बातचीत का कथित ‘प्रलोभन ऑडियो’ सोशल मीडिया पर वायरल होने पर कांग्रेस ने मंदसौर जिले के भानपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस ने चौहान के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की भी मांग की है।

मंदसौर पुलिस ने यह शिकायत चुनाव आयोग को भेज दी है।

राज्य के मंदसौर जिले के गरोठ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहा है। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी चंदर सिंह सिसोदिया के समर्थन में मुख्यमंत्री चौहान ने कई जनसभाएं की।

इसी दौरान चौहान और भाजपा नेता चौधरी के बीच कथित तौर पर हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस बातचीत में चैहान भाजपा नेता को मंदसौर के गरोठ विधानसभा उपचुनाव मे पार्टी उम्मीदवार का साथ देने और चुनाव बाद उसे सम्मानित (कोई पद देने) करने का भरोसा दिला रहे हैं।

ऑडियो वायरल होने के बाद गरोठ से कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष सोजतिया ने शुक्रवार को मंदसौर के भानपुर थाने में एक शिकायती आवेदन दिया। आवेदन में कहा गया है कि चौहान मतदाताओं को प्रलोभन दे रहे हैं, जो आचार संहिता के खिलाफ है और यह भ्रष्टाचार, कदाचार व अपराध की श्रेणी में आता है।

सोजतिया ने थाना प्रभारी को चौहान और चौधरी के बीच हुई बातचीत की कथित ऑडियो सीडी शिकायती आवेदन के साथ सौंपी है। उन्होंने मुख्यमंत्री चौहान के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्जन करने की मांग की है।

मंदसौर के पुलिस अधीक्षक मनोज शर्मा ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि सोजतिया द्वारा चौहान के खिलाफ की गई शिकायत चुनाव आयोग को भेज दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493