भोपाल, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 70 वर्षीय व्हिसलब्लोअर जे.के. जैन को जेल भेजे जाने पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी ने कहा कि सिर्फ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रिश्तेदारों को बचाने के लिए जैन को जेल भेजा गया है।
ज्ञात हो कि राजधानी की रोहित गृह निर्माण सहकारी संस्था की आवासीय कॉलोनी में भूखंड आवंटन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है और इस गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाने वाले सेवा निवृत्त अधिकारी जे.के. जैन को चार मार्च को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन पर वर्ष 1983 से 2000 के मध्य समिति के डायरेक्टर रहते हुए गड़बड़िया करने के आरोप लगाए गए हैं।
माकपा के प्रदेश सचिव बादल सरोज ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि जमीन घोटालों के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले बुजुर्ग जे.के. जैन को जेल में डालकर राज्य सरकार ने साबित कर दिया है कि वह मुख्यमंत्री शिवराज के परिजनों द्वारा किए गए घोटालों, भ्रष्टाचारों और अपराधों को दबाने और उन्हें बचाने के लिए किसी भी सीमा तक जा सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि दो मार्च को विधानसभा में सरकार के सहकारिता मंत्री गोपाल भार्गव ने स्वीकार किया था कि रोहित गृह निर्माण समिति में फर्जीवाड़ा हुआ है, उसके बाद जैन को जेल भेज दिया गया।
बादल सरोज ने कहा कि विरोध की आवाज को दबाने के लिए जैन के साथ जेल में किसी हादसे की संभावना बनी हुई है। उन्हें तत्काल रिहा किया जाना चाहिए तथा प्रकरण की जांच कर इसके दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वालों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्हिसलब्लोअर जैन को सुरक्षा दी जाए तथा मुख्यमंत्री अपने परिजनों के घोटालों को दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग करने से बाज आएं।
dharmpath.com dharmpath