शिवराज रात गुजारेंगे जिलों में

सागर, 11 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पं दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष में सभी 51 जिलों में जाएंगे और वहां रात गुजारेंगे। इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने घर से लाए गए भोजन को ग्रहण करेंगे।

सागर में दो दिवसीय भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के समापन मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने बुधवार को कहा, “पं़ उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत सभी 51 जिलों में जाएंगे और एकात्म मानवदर्शन पर व्याख्यान देंगे। वह रात्रि विश्राम भी उसी स्थान पर करेंगे, जिस स्थान पर उनका व्याख्यान रहेगा। “

उन्होंने कहा, “कमल क्लब जैसी कल्पना भी की जानी चाहिए, जिसमें कोई भाषण नहीं होगा बल्कि कार्यकर्ता कविता, कहानी, रंगोली, मेहंदी, व्यंजन बनाओ प्रतियोगिता आदि के माध्यम से अपनी प्रतिभा को प्रकट करें।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की यह विशेषता है कि वह एक परिवार है और इस परिवार की सरकार राज्य में अपने पूरे संस्कारों के साथ विकास में जुटी हुई है।

उन्होंने बताया कि 14 जनवरी से आनंद विभाग के द्वारा एक सप्ताह तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 जनवरी के दिन ही ‘आनंदम’ नाम का एक बड़ा आयोजन होगा।

उन्होंने महिला मोर्चा से कहा कि महिलाओं की सहायता के लिए उनके आर्थिक विकास के लिए स्व सहायता समूहों का एक आंदोलन खड़ा करना चाहिए।

दो दिन तक चली कार्यसमिति की बैठक में विभिन्न राजनीतिक, कृषि और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा हुई, साथ ही कई प्रस्ताव भी पारित किए गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493