मंदसौर, 6 जून (आईएएनएस)। मंदसौर में किसानों पर हुई गोलीबारी की पहली बरसी पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने बुधवार को यहां कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों, नौजवानों के साथ ठगी का काम किया है। राज्य का नौजवान काम चाहता है, मगर यहां उद्योग स्थापित होने के बजाए बंद हो रहे हैं।
मंदसौर की पीपलियामंडी में आयोजित किसान समृद्घि और श्रद्धांजलि सभा में बुधवार को कमलनाथ ने कहा, “राज्य सरकार हर साल कहती है कि उद्योगपतियों से हजारों करोड़ रुपये के समझौते हुए हैं, मगर उद्योग खुलने के बजाए बंद हो रहे हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के बजाए घटते जा रहे हैं।”
कमलनाथ ने आगे कहा कि “आगामी विधानसभा चुनाव किसी नेता या कांग्रेस के भविष्य का नहीं बल्कि युवाओं, किसानों के भविष्य का चुनाव है। व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। इस बात का पूरा भरोसा है कि आगामी छह माह बाद राज्य विधानसभा में कांग्रेस का झंडा लहराएगा और राज्य की तस्वीर बदलेगी।”
dharmpath.com dharmpath