शिवराज 4 दिनी यात्रा पर सिंगापुर पहुंचे

भोपाल, 12 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की चार दिवसीय सिंगापुर यात्रा मंगलवार से शुरू हो गई। अपनी छवि चमकाने पर सरकार के खजाने से अब तक डेढ़ सौ करोड़ रुपये खर्च कर चुके शिवराज मंगलवार की देर शाम सिंगापुर पहुंचे।

चांगी अंतर्राष्ट्रीय विमानतल पर उच्चायुक्त विजय ठाकुर सिंह और फर्स्ट सेक्रेटरी (कॉमर्स) प्रद्युम्न त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया।

राज्य के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति में बताया गया है कि मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उद्योगपतियों का प्रतिनिधिमंडल और उद्योग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी उनके साथ हैं।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री 13 जनवरी को ली क्वन यू एक्सचेंज फैलोशिप के अध्यक्ष ए.डी. टीओ से मिलेंगे। वे शासकीय प्रतिनिधियों से भी भेंट करेंगे।

शिवराज सिंगापुर के उद्योग एवं व्यापार मंत्री एस़ ईश्वरन और रक्षा राज्यमंत्री डॉ़ मोहम्मद मलिकी बिन ओसमान से भी भेंट करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री एमेरिटस सीनियर मिनिस्टर गोह चोक टोन्ग और प्रधानमंत्री ली ह्सेन लून्ग से भेंट करेंगे।

मुख्यमंत्री का ‘विकास का प्रकाश अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुंचे’ विषय पर व्याख्यान होगा। वह शासकीय तथा व्यापारिक प्रतिनिधियों से भी चर्चा करेंगे।

मुख्यमंत्री 14 जनवरी को बिजनेस सेमिनार में शिरकत करेंगे। इस दिन भी चौहान शासकीय और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद सेंटोसा आइलैंड गार्डन्स का भ्रमण करेंगे और शासकीय प्रतिनिधियों से भेंट करेंगे।

शिवराज भारतीय उच्चायुक्त द्वारा अपने सम्मान में रखे गए रात्रिभोज में शासकीय और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री 15 जनवरी को स्वदेश रवाना होंगे।

हाल ही में एक समाचार चैनल ने अपने दर्शकों को बताया है कि व्यापम महाघोटाले के लिए चर्चित राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज अपनी छवि चमकाने के लिए विज्ञापनों पर अब तक डेढ़ सौ करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493