मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी पार्टी शिवसेना बुधवार को मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया के समर्थन में आ गई। मारिया इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के साथ लंदन में मुलाकात के कारण विवादों में हैं।
पार्टी के मुखपत्र सामना में प्रकाशित एक संपादकीय में पार्टी ने लिखा, “पिछले 10 सालों में जो भी लोग ललित मोदी से मिले हैं उनके खिलाफ राजनीति की जा रही है..पहले केंद्रीय मंत्री, फिर मुख्यमंत्री और अब मुंबई के सबसे शक्तिशाली पुलिस प्रमुख। उन्हें इस विवाद में खींचने के लिए असंगत प्रयास किए जा रहे हैं।”
मारिया की सेवाओं की सराहना करते हुए पार्टी ने कहा कि उन्हें आतंकवादियों के लिए ‘आसान शिकार’ और ‘आओ-जाओ घर तुम्हारा है’ की मुंबई की छवि सुधारने का श्रेय जाता है।
संपादकीय में लिखा है, “मुंबई को सुरक्षित बनाने के लिए उनके (राकेश मारिया) काम को आप कैसे नजरअंदाज कर सकते हैं। उन्होंने मुंबई के गैंगवार को ध्वस्त किया, गुंडागर्दी पर लगाम लगाई और आतंकी गतिविधियों पर अंकुश लगाया.. 26/11 के आतंकवादी हमले की जांच में उनका योगदान अहम है, इसके बावजूद ललित मोदी के साथ लंदन में उनकी मुलाकात पर हंगामा करना राई का पहाड़ बनाने जैसा है।”
इसमें कहा गया है कि ललित मोदी की सहायता करने के मामले में पूरी भाजपा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समर्थन में खड़ी रही, तो फिर राकेश मारिया जैसे साहसी अधिकारी के साथ इसी तरह का बर्ताव क्यों नहीं हो सकता।
dharmpath.com dharmpath