मुंबई, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। शीना बोरा हत्याकांड के तीन आरोपियों में से एक और मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी के पूर्व पति संजीव खन्ना को मंगलवार को यहां दंडाधिकारी की एक अदालत ने 21 सिंतबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
खन्ना को मंगलवार सुबह कोलकाता से यहां लाया गया और अपराह्न बांद्रा दंडाधिकारी अदालत में पेश किया गया।
इसके पहले सोमवार को मामले की मुख्य आरोपी इंद्राणी और उनके पूर्व चालक श्यामवर राय को भी उनकी पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद 21 सितंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
पुलिस हिरासत की मियाद खत्म होने से एक दिन पहले खन्ना को सोमवार को मामले की आगे की जांच के लिए कोलकाता ले जाया गया था।
खन्ना मुंबई पुलिस के जांचकर्ताओं को रायगढ़ जिले में गागोडे के पास जंगल में ले गए, जहां से अधिकारियों ने उनके वे जूते बरामद किए, जिनका इस्तेमाल उन्होंने शीना का शव ठिकाने लगाने के समय किया था।
पुलिस ने वहां से शीना के आभूषण के कुछ हिस्से भी बरामद किए हैं।
dharmpath.com dharmpath